गुरुवार, 5 मार्च 2026

लखनऊ :CSR पहल से हाईटेक बनेगा लोक बंधु अस्पताल का नेत्र विभाग।।||Lucknow:Lok Bandhu Hospital's eye department will be upgraded to a hi-tech facility through a CSR initiative.||

शेयर करें:
लखनऊ :
CSR पहल से हाईटेक बनेगा लोक बंधु अस्पताल का नेत्र विभाग।।
दो टूक : करीब 65 लाख की लागत से लगेंगे अत्याधुनिक उपकरण, मरीजों को मिलेंगी बेहतर जांच व उपचार सुविधाएं
विस्तार
राजधानी लखनऊ के लोक बंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, आशियाना के नेत्र रोग विभाग को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कर प्रदेश के एक मॉडल नेत्र चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह पहल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के अंतर्गत की जा रही है।
इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 65 लाख रुपये की लागत से अस्पताल में आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। इस संबंध में हाल ही में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, सोशल एक्शन एंड रिसर्च (प्रसार) लखनऊ तथा लोक बंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय के बीच एक मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (MoA) संपन्न किया गया है।
परियोजना के तहत अस्पताल को फेको मशीन, फंडस कैमरा, एनडी-यैग लेजर, इंडायरेक्ट ऑप्थाल्मोस्कोप तथा एलसीडी डिजिटल विजुअल एक्यूटी चार्ट जैसे कई अत्याधुनिक उपकरण प्राप्त हुए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच और उपचार अब और अधिक आधुनिक, सटीक और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि इन आधुनिक उपकरणों की स्थापना से लोक बंधु अस्पताल का नेत्र विभाग प्रदेश के प्रमुख सरकारी नेत्र उपचार केंद्रों में शामिल होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे लखनऊ के साथ-साथ आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भी उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में फेको विधि से मोतियाबिंद का ऑपरेशन निःशुल्क किया जा रहा है, जिसमें लेंस सहित संपूर्ण प्रक्रिया मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराई जाती है। अब तक हजारों मरीज इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में नेत्र जांच शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
डॉ. त्रिपाठी ने इस सहयोग के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि CSR के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की यह पहल अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।