गौतमबुद्धनगर: दादरी के जिला ग्राम्य विकास संस्थान में 3 दिवसीय SDG–Goal व मिशन कर्मयोगी प्रशिक्षण का समापन, ग्राम विकास को लेकर दी गई अहम जानकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// जिला ग्राम्य विकास संस्थान दादरी में सतत विकास लक्ष्यों (SDG–Goal) एवं मिशन कर्मयोगी लक्ष्य पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यक्रम का समापन जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. प्रियंका शर्मा ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों को ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. प्रियंका शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 मार्च 2026 से प्रारम्भ होकर 13 मार्च 2026 तक जिला ग्राम्य विकास संस्थान दादरी में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 31 प्रतिभागियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सतत विकास लक्ष्यों के महत्व, लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की रणनीति तथा मिशन कर्मयोगी की अवधारणा से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के लिए निर्धारित नौ प्रमुख थीम्स पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पर्याप्त जलयुक्त पंचायत तथा स्वच्छ और हरित पंचायत के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके सकारात्मक परिणामों पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर कम लागत एवं बिना लागत की गतिविधियों को अपनाकर भी विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। इसके लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक होपेन्द्र सिंह और डॉ. विजय पाल सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान और संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को सतत विकास लक्ष्यों तथा मिशन कर्मयोगी के उद्देश्यों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला ग्राम्य विकास संस्थान दादरी के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग रहा।।
