गौतमबुद्धनगर में राजस्व मामलों पर सख्ती: डीएम ने दिए 20 दिन में लंबित वाद निपटाने के निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक, जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// जिले में लंबित राजस्व वादों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्तरों पर लंबित राजस्व मामलों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का सीधा संबंध आम जनता से होता है, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित राजस्व वादों की प्राथमिकता तय करते हुए उनकी नियमित सुनवाई की जाए और अधिकतम 20 दिनों के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अधिकारी अपने स्तर पर लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी मामले में प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबी न खिंचे। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनता को त्वरित राहत देने के लिए गंभीरता से प्रयास करने को कहा।
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, तहसीलदार जेवर ओम प्रकाश पासवान सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।
