गौतमबुद्धनगर में बिना फिटनेस-परमिट दौड़ रहे स्कूली वाहनों पर सख्ती, परिवहन विभाग ने 140 वाहनों को थमाया नोटिस!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिना फिटनेस और परमिट के चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग ने ऐसे 140 स्कूली वाहनों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों और स्कूलों से अनुबंधित वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि जिन वाहनों की फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें बच्चों के परिवहन में बिल्कुल भी संचालित न किया जाए।
उन्होंने बताया कि सभी शिक्षण संस्थानों को अपने अधीन पंजीकृत एवं अनुबंधित स्कूली वाहनों की परिवहन विभाग से जांच कराकर उनके फिटनेस प्रमाण पत्र (स्वस्थ्यता प्रमाण पत्र) और परमिट का शीघ्र नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जब तक इन वाहनों के दस्तावेज वैध नहीं हो जाते, तब तक ऐसे वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
परिवहन विभाग के अनुसार वर्तमान में जनपद में 47 स्कूली वाहन और 93 अनुबंधित स्कूली वाहन ऐसे पाए गए हैं, जिनके फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है। विभाग ने इन सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में दस्तावेज दुरुस्त कराने को कहा है।
इस संबंध में प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्कूल प्रबंधक या वाहन स्वामी द्वारा नियमों के विरुद्ध स्कूली वाहन संचालन किया जाता है तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान और वाहन स्वामी की होगी।
विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केवल वैध फिटनेस और परमिट वाले वाहनों का ही संचालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जोखिम से बचा जा सके।।
