रविवार, 1 मार्च 2026

होली व रमजान को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट: 1080 होलिका दहन स्थलों पर कड़ी सुरक्षा, 10 जोन और 26 सेक्टर में बंटी कमिश्नरेट!!

शेयर करें:

होली व रमजान को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट: 1080 होलिका दहन स्थलों पर कड़ी सुरक्षा, 10 जोन और 26 सेक्टर में बंटी कमिश्नरेट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!१

गौतमबुद्धनगर। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र को 10 जोन और 26 सेक्टर में विभाजित कर सेक्टर स्कीम प्रभावी कर दी गई है।

कमिश्नरेट क्षेत्र में इस वर्ष लगभग 1080 स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है। संभावित भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए सभी स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। होली के अवसर पर लगने वाले मेलों और आयोजनों में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र नोएडा एवं सेंट्रल नोएडा जोन की निगरानी करेंगे, जबकि अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार ग्रेटर नोएडा जोन के अधिकारियों का पर्यवेक्षण करेंगे।

इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं—

  • रवि शंकर निम (DCP मुख्यालय) – ग्रेटर नोएडा जोन
  • ट्विंकल जैन (ADCP/स्टाफ ऑफिसर) – नोएडा जोन
  • विवेक रंजन राय (ACP साइबर) – नोएडा जोन
  • पूनम मिश्रा (ADCP जेवर एयरपोर्ट) – सेंट्रल नोएडा जोन
  • दीक्षा सिंह (ACP महिला सुरक्षा) – ग्रेटर नोएडा
  • हेमन्त उपाध्याय (ACP लाइन्स/RTC) – ग्रेटर नोएडा

45 हॉटस्पॉट चिन्हित, QRT और PAC तैनात

पुलिस द्वारा अब तक 45 संवेदनशील/हॉटस्पॉट स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल के साथ 26 मोबाइल QRT और 4 प्लाटून PAC की तैनाती की गई है।

165 से अधिक शांति बैठकें आयोजित

त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने RWA, ग्राम सुरक्षा समितियों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के साथ अब तक 165 से अधिक बैठकें आयोजित की हैं। सभी से अपील की गई है कि वे अपने-अपने समाज में शांति बनाए रखने हेतु जागरूकता फैलाएं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई असामाजिक तत्व त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए—

  • ड्रोन से निगरानी
  • बीडीडीएस टीम की तैनाती
  • सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग

की जा रही है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हुड़दंगियों पर सख्ती, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

'ब्रेथ एनालाइजर' के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों और हुड़दंगियों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। कंट्रोल रूम से जुड़े CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही सभी थाना मोबाइल, पीसीआर, पीआरवी और यातायात पुलिस को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली एवं रमजान के पावन अवसर पर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भड़काऊ संदेश से दूर रहें।।