गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य शुभारंभ, मा0 न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन — ई-सेवा केंद्र का लोकार्पण, स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा / गौतमबुद्धनगर।
दो टूक// जिला न्यायालय परिसर गौतमबुद्धनगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ मा0 उच्च न्यायालय इलाहाबाद के मा0 न्यायमूर्ति एवं जनपद के प्रशासनिक न्यायाधीश अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए आपसी सहमति के आधार पर वादों का त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान संभव होता है।
कार्यक्रम के दौरान मा0 जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव सहित न्यायालय के विभिन्न न्यायाधीश, अधिवक्ता, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति ने अपने संबोधन में कहा कि लोक अदालत के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का निस्तारण कर आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक वादों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
शुभारंभ के उपरांत मा0 प्रशासनिक न्यायमूर्ति और जनपद न्यायाधीश ने जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थित नागरिकों और लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद मा0 न्यायमूर्ति ने न्यायालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का भी उन्होंने निरीक्षण किया और स्वयं रक्तचाप की जांच कराई। उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायालय परिसर में स्थापित ई-सेवा केंद्र / वीसी सेंटर का भी लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन परिसर में नव निर्मित गेट एवं गार्ड रूम का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं और वादकारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से न्यायिक कार्यों के संचालन में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी तथा न्यायिक प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, एडिशनल सीपी अजय कुमार, डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी अशोक कुमार निम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित न्यायपालिका, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सहयोग का संकल्प लिया।।
