STF और आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग का इनामी शूटर पवन उर्फ कल्लू ढेर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// आगरा। जनपद के थाना एकता क्षेत्र में यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को हुई मुठभेड़ में ₹50,000 का इनामी कुख्यात बदमाश पवन उर्फ कल्लू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, यूपी एसटीएफ नोएडा प्रभारी केशव शांडिल्य के नेतृत्व में एसटीएफ और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम थाना एकता क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना वांछित अपराधी पवन उर्फ कल्लू से हो गया। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला था कल्लू
मृतक बदमाश की पहचान पवन उर्फ कल्लू निवासी सिरौली, लोनी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और विभिन्न जिलों में पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
कुख्यात गैंग का सक्रिय शूटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि पवन उर्फ कल्लू कुख्यात रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर था। उसके खिलाफ हत्या के 4 और रंगदारी के 2 मामलों सहित कुल 18 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर ₹1 लाख का इनाम भी घोषित किया गया था। उसी प्रकरण में वह दिल्ली से गिरफ्तार होकर जेल भी जा चुका था।
लूटी गई सरकारी पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाश के कब्जे से वर्ष 2016 में थाना बिसरख, जनपद गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र से एक सिपाही से लूटी गई सरकारी पिस्टल भी बरामद की है। यह बरामदगी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
लंबे समय से था फरार
आगरा में दर्ज एक मामले में उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था और पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। संयुक्त कार्रवाई में उसकी मुठभेड़ में मौत को पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मान रही है।
