शनिवार, 28 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनी: वायरल फोटो-वीडियो की धमकी से परेशान युवती ने की आत्महत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनी: वायरल फोटो-वीडियो की धमकी से परेशान युवती ने की आत्महत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा के मामूरा गांव से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पिछले कुछ समय से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकियों से मानसिक रूप से परेशान थी।

परिजनों के अनुसार, युवती को लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल और मैसेज कर ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोप है कि आरोपी उससे रुपये ऐंठने की कोशिश कर रहे थे और उसकी निजी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इस मानसिक उत्पीड़न से युवती गहरे तनाव में आ गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना फेज-3 में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ग्यासी राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब युवती के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और कथित आपत्तिजनक वीडियो की फोरेंसिक जांच में जुटी हुई है, ताकि ब्लैकमेलिंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। मामले में दो अन्य आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी हिरासत में ले लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल उत्पीड़न के खतरनाक रूप को उजागर करती है।।