गौतमबुद्धनगर: नोएडा युवती आत्महत्या मामले में नया मोड़ — ब्लैकमेलिंग के आरोपों की पुष्टि नहीं, नामजद आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक// नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के ममूरा गांव में 21 फरवरी 2026 को 19 वर्षीय युवती अंशिता तिवारी द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक स्तर पर ब्लैकमेलिंग और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने जैसी आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन अब तक की जांच में ऐसे किसी ठोस साक्ष्य की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी को पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ममूरा सेक्टर-66 स्थित गली नंबर-01 में रहने वाली अंशिता तिवारी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया के तहत शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
घटना के लगभग छह दिन बाद, 27 फरवरी 2026 को अंतिम संस्कार के उपरांत मृतका के परिजन थाना फेस-3 पहुंचे और लिखित तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 90/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
मामले में नामजद आरोपी ग्यासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
हालांकि, थाना फेस-3 पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच में यह सामने आया है कि—
- युवती को ब्लैकमेल किए जाने के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं
- कोई आपत्तिजनक वीडियो या डिजिटल सामग्री बरामद नहीं हुई है
- मुकदमे में नामजद दोनों युवक और मृतका एक-दूसरे को पूर्व से जानते थे
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब संवेदनशील सामाजिक और व्यक्तिगत संबंधों के कोण से भी जांच के दायरे में है, जिससे आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।।
