गौतमबुद्धनगर: पेट्रोल भरवाकर भागी काली थार, पीछा करने पर कर्मी को 5 KM तक घसीटा — फिल्मी अंदाज़ में फरारी, लेकिन पुलिस ने दबोचा आरोपी!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। जिले में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई, जहां पेट्रोल पंप से बिना भुगतान किए फरार होने की कोशिश एक थार चालक को भारी पड़ गई। पैसे बचाने के चक्कर में आरोपी ने न केवल नियमों को ताक पर रखा, बल्कि पीछा कर रहे पेट्रोल पंप कर्मचारी की जान भी जोखिम में डाल दी।
27 फरवरी को थाना बादलपुर क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर काली थार सवार चालक ने अपनी गाड़ी की टंकी फुल करवाई और बिना भुगतान किए मौके से भाग निकला। अचानक हुई इस हरकत से वहां मौजूद कर्मचारी भी सन्न रह गए।
हालांकि, पेट्रोल पंप के सेल्समैन कुलदीप शर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक से थार का पीछा शुरू किया। जैसे ही आरोपी दादरी थाना क्षेत्र की ओर भाग रहा था, उसने पीछा कर रहे कुलदीप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुलदीप की बाइक गिर गई, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका।
आरोप है कि थार चालक ने कुलदीप को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल कुलदीप शर्मा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बादलपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी हर्ष, निवासी ग्राम जोली, सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काली थार को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि मामूली अपराध की कोशिश किस तरह जानलेवा घटना में बदल सकती है। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।।
