गौतमबुद्धनगर: NHRC के विशेष मॉनिटर विद्या भूषण कुमार ने नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र का किया निरीक्षण, उन्नत मॉनिटरिंग सिस्टम व पर्यावरणीय पहलों की सराहना!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा | 27 फरवरी 2026
दो टूक// नोएडा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के विशेष मॉनिटर श्री विद्या भूषण कुमार ने शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पर्यावरणीय, तकनीकी एवं जनसुविधा से जुड़ी परियोजनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सेक्टर-94 स्थित इंटीग्रेटेड स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ISTMS) से हुई, जहां वायु प्रदूषण से जुड़े मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि एंटी-स्मॉग गन और स्प्रिंकलर में इस्तेमाल किया जाने वाला पानी एसटीपी से उपचारित होता है, जिससे पेयजल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। इस पर महोदय ने संतोष व्यक्त करते हुए वायु गुणवत्ता सुधार के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ISTMS एवं कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और प्राधिकरण की उन्नत मॉनिटरिंग प्रणाली को विस्तार से समझा। प्रदेश में इस स्तर की तकनीकी निगरानी व्यवस्था अन्य शहरों में उपलब्ध न होने पर उन्होंने प्राधिकरण की सराहना की और ग्रेटर नोएडा में भी इसी प्रकार की प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में BOT मॉडल पर आधारित सार्वजनिक शौचालयों का अवलोकन किया गया, जहां बिना किसी शुल्क के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल को भी विशेष रूप से सराहा गया।
इसके उपरांत नवनिर्मित जंगल ट्रायल का निरीक्षण किया गया, जहां अपशिष्ट सामग्री से बनाई गई पशु आकृतियों की कलात्मक प्रस्तुति ने उनका ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड पार्क का भी निरीक्षण किया गया।
महोदय ने सेक्टर-34 स्थित बायोमेथेनाइजेशन प्लांट का दौरा कर जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण और उससे ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया को समझा। अंत में सेक्टर-80 स्थित C&D वेस्ट प्लांट का निरीक्षण करते हुए निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्टों के पुनर्चक्रण की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत व्यवस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की श्री कुमार द्वारा खुलकर सराहना की गई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री एस.पी. सिंह, ओएसडी श्री इन्दु प्रकाश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (H&SWM) श्री कपिल सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक श्री आर.के. शर्मा, प्रबंधक (H&SWM) श्री राहुल गुप्ता, यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी, केपीएमजी सलाहकार तथा एनजीओ ‘Guided Fortune समिति’ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
