मऊ :
जनपद के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव ने केंद्रीय बजट को आम जनता का बजट।
दो टूक : केंद्रीय बजट को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव ने लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन में प्रेस वार्ता की जिसमें इस बजट को जिले और प्रदेश समेत देश के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि यह बजट युवा शक्ति और विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है, जिसमें किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि बजट में उत्तर प्रदेश को परिवहन और बुनियादी ढांचे की बड़ी सौगात मिली है। दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं वाराणसी में इनलैंड वॉटरवेज शिप रिपेयर पोर्ट से जल परिवहन को मजबूती मिलेगी।
कृषि क्षेत्र में भारत विस्तार एआई जैसे टूल से किसानों को फसल, मौसम और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी मिलेगी। डिजिटल पंजीकरण से सब्सिडी और ऋण वितरण पारदर्शी होगा। उच्च मूल्य वाली फसलों और पशुपालन के लिए भी विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं। शिक्षा और कौशल विकास पर जोर देते हुए प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास, एवीजीसी लैब्स और युवाओं के लिए आधुनिक प्रशिक्षण योजनाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना समेत कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त होने से आम व्यक्ति को सीधी राहत दी गई है। महिला सशक्तिकरण के तहत सी-मार्ट, लखपति दीदी योजना और केयरगिवर प्रशिक्षण से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सुनील कुमार गुप्त बजरंगी सिंह नूपुर अग्रवाल संगीता द्विवेदी मीडिया प्रभारी कृष्ण कांत राय राघवेंद्र शर्मा आकाश मल्ल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
