मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर:‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बवाल: कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, फिल्म पर रोक की मांग; निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई की उठी आवाज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बवाल: कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, फिल्म पर रोक की मांग; निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई की उठी आवाज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 24 फरवरी 2026।
27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने तथा निर्माता, निर्देशक व कलाकारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यादव समाज, आर्य समाज और भारतीय किसान यूनियन मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान जिला अधिकारी महोदया के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“जातिसूचक शीर्षक से समाज का अपमान” – मनमिंदर भाटी

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मास्टर मनमिंदर भाटी, राष्ट्रीय महासचिव, ने कहा कि किसी भी फिल्म का जातिसूचक शीर्षक रखना न केवल सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है, बल्कि यह संबंधित समाज की गरिमा पर सीधा आघात भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में “लव जिहाद” को महिमामंडित किया गया है, जिससे यादव समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

मनमिंदर भाटी लंबे समय से सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहने वाले सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता माने जाते हैं। शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में उनकी पहचान एक स्पष्टवादी वक्ता और संगठनकर्ता के रूप में रही है। उन्होंने कहा कि “36 बिरादरी यादव समाज के साथ खड़ी है और यदि समय रहते फिल्म पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन और व्यापक होगा।”

“अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अपमान स्वीकार नहीं” – आर्य सागर खारी

आर्य सागर खारी ने कहा कि किसी भी जाति या समाज के नाम से फिल्म बनाना और उसे विवादित तरीके से प्रस्तुत करना गैरकानूनी होने के साथ-साथ अमर्यादित भी है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी विशेष समाज को बदनाम करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

“सड़क से संसद तक आंदोलन” – सागर यादव

युवा प्रदेश अध्यक्ष सागर यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाता, तब तक यादव समाज सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगा। उन्होंने इसे “सोची-समझी साजिश” बताते हुए कहा कि बड़े जनसमूह को टारगेट कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

“यादव समाज की संस्कृति से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं” – चिंकू यादव

युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिंकू यादव ने कहा कि यादव समाज भगवान श्रीकृष्ण का वंशज है और “जय यादव, जय माधव” की सांस्कृतिक परंपरा का पालन करता है। उन्होंने कहा कि देश को किसान और जवान देने वाला समाज अपनी संस्कृति के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ सहन नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि देश में यादव समाज की बड़ी आबादी है और उसे जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित

प्रदर्शन के दौरान विमल त्यागी (राष्ट्रीय अध्यक्ष), विक्रांत भाटी, रिकू यादव, दानिश सैफी, रोहित यादव, राहुल यादव, अंकित यादव, आशीष त्यागी, सौरभ यादव, गब्बर सिंह, समीर प्रधान, कृष्ण भड़ाना, अमित प्रधान, अन्नू सरपंच, एडवोकेट तनिष्क चदैला, मयंक शर्मा, डॉ. मोहसिन, विकास, यश अवाना, आस मोहम्मद, डब्बू प्रधान, प्रशांत चौधरी, कमल शर्मा, कुलदीप, अर्जुन गुलफाम, उमैद, अब्दुल हसन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।।