गौतमबुद्धनगर: ग्राम देवला में प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: पति की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या, पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 24 फरवरी 2026।
थाना सूरजपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पति की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दुपट्टा (चुन्नी) भी बरामद कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 23 फरवरी 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम देवला में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान विजय (30 वर्ष) पुत्र किशन पाल निवासी ग्राम बेलोन, थाना नरौरा, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई, जो नोवा कूलर कंपनी में मजदूरी करता था।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी राखी का पिछले 3-4 वर्षों से गुरदीप नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी राखी अपने प्रेमी के साथ चली गई थी और करीब एक वर्ष तक उसके साथ रही। लगभग 15 दिन पहले वह विजय को बुलन्दशहर से अपने साथ देवला लेकर आई थी।
प्रेम प्रसंग में बाधा बना पति
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विजय अपनी पत्नी राखी और उसके प्रेमी गुरदीप के संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर साजिश रची और चुन्नी से विजय का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास भी किया गया, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
मोजर बीयर गोलचक्कर से गिरफ्तारी
थाना सूरजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 फरवरी 2026 को मोजर बीयर गोलचक्कर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा (चुन्नी) बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- राखी (29 वर्ष) पत्नी विजय, निवासी बैलोन का नगला, थाना नरौरा, बुलन्दशहर, वर्तमान पता ग्राम देवला, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर।
- गुरदीप (31 वर्ष) पुत्र सतपाल सिंह, निवासी विचपरिया, थाना पिसावा, जनपद सीतापुर।
दर्ज हुआ मुकदमा
इस संबंध में थाना सूरजपुर पर मु0अ0सं0 109/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।।
