मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी पहल, स्वैच्छिक संगठनों से प्रस्ताव आमंत्रित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी पहल, स्वैच्छिक संगठनों से प्रस्ताव आमंत्रित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 24 फरवरी 2026।
जनपद में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार योजना के घटक वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजना (SAPSrC) के तहत जनपद में जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पात्र स्वैच्छिक संगठनों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों/वृद्धजनों के लिए अनुमोदित गतिविधियों जैसे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, विशेषकर नेत्र चिकित्सा सेवाएं, उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में उपनिदेशक समाज कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा श्रेणी-3 की जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव गतिविधियों के संचालन हेतु योग्य संस्थाओं का चयन किया जाएगा।

चिकित्सा सेवाओं पर विशेष फोकस

योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से मोतियाबिंद सर्जरी जैसी सेवाओं पर जोर दिया गया है। चयनित संस्थाओं को आवश्यकतानुसार जनपद में गतिविधियों के संचालन और कार्यान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

प्रस्ताव आमंत्रण के लिए प्रमुख शर्तें

प्रस्ताव देने वाली संस्थाओं को निम्नलिखित अर्हताओं का पालन करना अनिवार्य होगा—

  • संस्था का पंजीकरण सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 अथवा संबंधित राज्य/केन्द्र शासित प्रदेश अधिनियम के तहत होना चाहिए।
  • Clinical Establishments Act के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ MoU अनिवार्य।
  • राष्ट्रीयकृत बैंक में संस्था के नाम से संचालित खाता।
  • नीति आयोग के NGO Darpan पोर्टल पर पंजीकरण।
  • 01 जुलाई 2022 से पूर्व पंजीकरण प्रमाण पत्र।
  • पैन कार्ड/GST प्रमाण पत्र की प्रति।
  • विगत दो वर्षों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट।
  • मोतियाबिंद सर्जरी क्षेत्र में न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव तथा पिछले दो वर्षों में कम से कम 250 सफल सर्जरी का प्रमाण।
  • वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के ऑडिटेड लेखा विवरण।
  • 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र कि संस्था किसी भी सरकारी निकाय द्वारा ब्लैकलिस्टेड नहीं है।
  • संस्था के लेटरहेड पर घोषणा पत्र (Annexure-2)।
  • अन्य शर्तें जनपद स्तरीय समिति की सहमति से लागू होंगी।

25 फरवरी तक जमा होंगे प्रस्ताव

इच्छुक एवं पात्र गैर-सरकारी संगठन (NGOs)/स्वैच्छिक संगठन (VOs) अपने प्रस्ताव कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में 25 फरवरी 2026 तक जमा कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना का उद्देश्य जनपद के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराना है। पात्र संस्थाओं से समयबद्ध एवं पूर्ण दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है।