गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़ी सफलता: हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास, 30 हजार का जुर्माना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़ी सफलता: हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास, 30 हजार का जुर्माना!!

!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को बड़ी सफलता मिली है। प्रभावी पैरवी और सुदृढ़ साक्ष्यों के आधार पर माननीय न्यायालय ने हत्या के एक मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

2018 के हत्या मामले में आया फैसला

थाना सेक्टर-49 में वर्ष 2018 में दर्ज मु0अ0सं0 489/2018 धारा 302 भादवि (हत्या) के मामले में सुनवाई करते हुए माननीय न्यायालय ने अभियुक्त राहुल चौहान पुत्र मूलचन्द, निवासी कैलाश ज्वैलर्स के पास, बरौला, सेक्टर-49 नोएडा को दोषी पाया।

न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास तथा 30,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में अभियुक्त को एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन की प्रभावी पैरवी

यह सफलता पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल, थाना सेक्टर-49 पुलिस एवं अभियोजन इकाई की प्रभावी पैरवी का परिणाम है। मामले की नियमित मॉनिटरिंग, साक्ष्यों की सुदृढ़ प्रस्तुति और गवाहों की प्रभावी गवाही से अभियोजन पक्ष न्यायालय में आरोप सिद्ध कराने में सफल रहा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों को कानून के अनुसार कठोर दंड दिलाया जा सके और समाज में कानून का भय स्थापित रहे।।