सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सतर्कता से अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार!!

शेयर करें:

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सतर्कता से अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नॉलेजपार्क थाना पुलिस ने परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास दबोचा, .30 बोर पिस्टल बरामद

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के अभियान के तहत थाना नॉलेजपार्क पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।

परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को थाना नॉलेजपार्क पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ परी चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .30 बोर पिस्टल बरामद की गई।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हिमांशु पुत्र गोपाल गिरि, निवासी बुराड़ी, कमल विहार, थाना बुराड़ी, उत्तरी दिल्ली, उम्र लगभग 29 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और संभावित आपराधिक मंशा के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

इस संबंध में थाना नॉलेजपार्क पर मु0अ0सं0 49/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इस कार्रवाई को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।