सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: थाना बिसरख पुलिस ने लूट की सनसनीखेज वारदात का किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: थाना बिसरख पुलिस ने लूट की सनसनीखेज वारदात का किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में बाइक सवार युवक को चाकू मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वादी का पर्स, मोबाइल फोन, 530 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद किया है।

चाकू मारकर लूटी थी बाइक, मोबाइल और पर्स

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14/15 फरवरी 2026 की रात्रि में तीनों अभियुक्तों ने एक बाइक राइडर को रोककर उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूटकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना बिसरख पर मुकदमा पंजीकृत किया गया, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली सफलता

23 फरवरी 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा करते हुए तीनों अभियुक्तों को थाना क्षेत्र स्थित डी-मार्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  1. योगेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र रविकांत, मूल निवासी ग्राम चहली, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर, वर्तमान पता दल्लुपुरा, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली।
  2. मनीष कुमार (18.5 वर्ष) पुत्र सुनील सिंह, मूल निवासी ग्राम कनौली बलतारा, थाना गोगरी, जिला खगरिया (बिहार), वर्तमान पता डूब क्षेत्र बिसरख, गौतमबुद्धनगर।
  3. सुजल तिवारी (20 वर्ष) पुत्र राजीव कुमार तिवारी, मूल निवासी लिलई तिवारी पुरवा, थाना करथुनी, जिला सुल्तानपुर, वर्तमान पता गडौली गुर्जर बस्ती, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

  • 01 पर्स व 530 रुपये नकद
  • 01 मोबाइल फोन
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (रजि. नं. DL14TD6776)
  • 01 चाकू

बरामद किया है।

इस संबंध में थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 119/2026 धारा 309(6) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण हेतु लगातार गश्त, सर्विलांस और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।