पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर: रबूपुरा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक घायल, दो गिरफ्तार!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना रबूपुरा क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और गोवध से संबंधित उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 22 फरवरी 2026 को सूचना के आधार पर करौली अंडरपास के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान सलमान पुत्र बुखारी निवासी मोहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जिला शामली के रूप में हुई है। उसका साथी असलम पुत्र अकबर निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जिला बुलन्दशहर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से 02 अवैध तमंचे .315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा गोवध के लिए प्रयुक्त होने वाले उपकरण — 02 रस्सी, 02 चाकू, 01 सिरिंज, 01 इंजेक्शन की शीशी और 02 खाली प्लास्टिक के कट्टे — बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्त थाना रबूपुरा पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 35/2026, धारा 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
