गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में कथित मतांतरण गिरोह का खुलासा, गरीबों को लालच देकर प्रार्थना सभा कराने का आरोप, दो गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा। गरीब परिवारों को रुपये देने और बीमारियों से मुक्ति का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाने के आरोप में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने एक कथित मतांतरण गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और प्रार्थना स्थल से ईसाई धर्म से जुड़ी बड़ी मात्रा में धार्मिक सामग्री बरामद की है।
मामला सेक्टर-36 के बी-ब्लॉक स्थित बी-224 नंबर दो मंजिला मकान का है, जहां मकान के बेसमेंट में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी सोसायटीवासियों के अनुसार रविवार को आयोजित प्रार्थना सभा में करीब 60 से 70 महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। आरोप है कि सभा में शामिल लोगों को पैसे, उपहार और रोग मुक्ति का झांसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
स्थानीय निवासी मोहन सिंह को जब इस गतिविधि की जानकारी हुई तो वे रविवार दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंचे। बेसमेंट में चल रही प्रार्थना सभा को देखकर उन्होंने इसका विरोध किया, जिस पर अंदर मौजूद लोग विवाद पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख मोहन सिंह ने बेसमेंट का गेट बाहर से बंद कर दिया और आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अजय भाटी व डायल-112 को सूचना दी।
सूचना पर बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा बिना अनुमति भारी संख्या में लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित करने पर कार्रवाई की चेतावनी देने पर आरोपितों ने पुलिस से भी नोकझोंक करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने मौके से ईसाई धर्म से संबंधित धार्मिक पाठ्य पुस्तकें, क्रॉस के चिह्न, मोमबत्तियां और अन्य सामग्री जब्त की।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मूल रूप से राजस्थान के बांसवाड़ा निवासी टैक्सी चालक सुरेश कुमार, उनकी पत्नी, साली और ऐच्छर निवासी चंद्रकिरण इस गतिविधि में शामिल थे। पुलिस ने सुरेश कुमार और चंद्रकिरण को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य से पूछताछ की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने मतांतरण कराने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे गरीब परिवारों के बच्चों को निशुल्क पढ़ाने और उपहार देने के उद्देश्य से प्रार्थना सभा आयोजित कर रहे थे। आरोपितों ने स्वयं के ईसाई धर्म अपनाने से भी इनकार किया है। हालांकि, पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रार्थना सभा और अन्य माध्यमों से लोगों को मतांतरण के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 08 फरवरी 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्रांतर्गत ऐच्छर क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच की गई, जिसमें कुछ महिलाओं को एकत्र कर ईसाई धर्म के बारे में जानकारी दिए जाने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मकान और उसमें रखी धार्मिक सामग्री को सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
