गोण्डा- इटियाथोक थाना क्षेत्र के लोनपुरवा गांव में शनिवार को एक अज्ञात जंगली जानवर ने युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक को जिला मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, लोनपुरवा गांव निवासी संजय चौहान (25) पुत्र चैतू चौहान खेत में फसल सिंचाई के लिए पंपिंग सेट मशीन लेकर गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात जंगली जानवर ने उनपर अचानक हमला बोल दिया, जिससे उनके हाथ, मुंह, पेट और पैर में जख्म हो गए। प्रधान प्रतिनिधि लालजी सोनकर ने बताया कि जानवर के हमले की आवाज सुनकर बगल के खेत में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और किसी तरह संजय को बचाया। इसके बाद उन्हें गोण्डा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
