गोण्डा- राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने बिसुही पुल निर्माण के लिए अनोखा प्रदर्शन किया। छात्रों ने अपने खून से रविवार को मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराने की मांग की। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय छात्र पंचायत के 16वें दिन के कार्यक्रम का हिस्सा था। राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने बताया कि सरकार इंतजार कर रही है कि इस सकरे व पुराने पुल से कोई बड़ा सड़क हादसा हो, जिसमें लोगों का खून बहे। इसी को सचेत करने के लिए छात्रों ने अपने खून से पत्र लिखा है। दीनानाथ सेवा समिति के अध्यक्ष रंजीत पांडे ने बताया कि लगातार 16 दिनों से छात्र इस पुल के निर्माण के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई प्रशासनिक अधिकारी उनसे वार्ता करने नहीं आया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द पुल का निर्माण नहीं हुआ तो छात्र एक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर भगवान चरण ओझा ने कहा कि अगर पुल नहीं तो वोट नहीं। सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर ये दावे शून्य हैं। अगर पुल का निर्माण नहीं हुआ तो छात्र एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।इस प्रदर्शन में सूरज शुक्ला, विकास द्विवेदी, शहजाद, अभिषेक तिवारी, अभिषेक मिश्र, दिलीप मिश्रा, महेश वर्मा, अभिषेक वर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।