गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आग का तांडव: टीन शेड की दो अस्थाई दुकानों में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक टीन शेड से बनी दो अस्थाई दुकानों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने की घटना से स्थानीय दुकानदारों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।।
