गोण्डा- धानेपुर नगर पंचायत से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां शौच के लिए गई एक मासूम बालिका को आवारा कुत्तों ने नोचकर मार डाला। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है। परिजनों ने बालिका का अंतिम संस्कार कर दिया है। पूरा मामला धानेपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच कल्याण नगर स्थित टहलुवन पुरवा का है। यहां के निवासी विशुन लाल की छह साल की बेटी महक शनिवार सुबह अपनी छोटी बहन मुस्कान और अन्य बच्चियों के साथ खुले में शौच के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान दो कुत्तों ने मासूम पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर परिजन उसे सीएचसी मुजेहना ले गए, जहां से रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर मे कोहराम मच गया।