सोमवार, 16 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: कुट्टू आटा कांड: बिसरख पुलिस व खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकान और गोदाम सील—चार हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कुट्टू आटा कांड: बिसरख पुलिस व खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकान और गोदाम सील—चार हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने संदिग्ध दुकान और संबंधित गोदाम को सील कर दिया है, जबकि गोदाम मालिक सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

निजी अस्पताल से मिली सूचना, कई सोसाइटियों के लोग बीमार

आज दिनांक 16.02.2026 को एक निजी अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि कुट्टू का आटा खाने के बाद सुपरटेक इकोविलेज-3, रोयल कोर्ट सोसाइटी तथा हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले कई लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। बताया गया कि लोगों को उल्टी, बुखार और पेट दर्द जैसी शिकायतें हुईं। सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने तत्काल खाद्य विभाग को अवगत कराया।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

खाद्य विभाग के सुरक्षा अधिकारी द्वारा थाना बिसरख में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मु0अ0सं0-115/25 धारा 275 बी.एन.एस. व खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 59 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त टीम ने संबंधित सोसाइटियों में स्थित दुकानों की जांच शुरू की।

संदिग्ध दुकान और गोदाम सील

जांच के दौरान टीम ने सभी दुकानों से कुट्टू के आटे के सैंपल लिए। अनियमितता पाए जाने पर रोयल कोर्ट सोसाइटी स्थित प्रशांत जनरल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। पूछताछ में पता चला कि संबंधित दुकानों ने कुट्टू का आटा HD SPICES, ग्राम चिपियाना से खरीदा था, जिसका गोदाम चिपियाना बुजुर्ग में स्थित है।

टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम की भी जांच की और वहां अनियमितताएं मिलने पर उसे भी सील कर दिया। अन्य दुकानों से लिए गए सैंपलों की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चार लोग हिरासत में

कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक सहित कुल चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मिलावट या लापरवाही किस स्तर पर हुई।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को कुट्टू का आटा खाने के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो रही है तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार लें और संबंधित जानकारी पुलिस या खाद्य विभाग को दें।