गोण्डा- उप्र में तेजी से बढ़ रहे पर्यटन के साथ-साथ आवासीय सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है। इस परिप्रेक्ष्य में जनपद गोण्डा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए अतिरिक्त आय अर्जित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। अपने मकान के अतिरिक्त कमरों को पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराकर लोग अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा उप्र बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति—2025 लागू की गई है, जिसमें पंजीकरण प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग इस नीति से जुड़ें, जिससे उन्हें रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हों और साथ ही प्रदेश में पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
यह नीति उन लोगों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जो अपने घर के कुछ हिस्से या अतिरिक्त कक्ष पर्यटकों को किराए पर देना चाहते हैं। इस योजना के माध्यम से न केवल अतिरिक्त आय का स्रोत सृजित होगा, बल्कि सरकार द्वारा विभिन्न रियायतें, प्रशिक्षण तथा प्रचार-प्रसार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
-नीति के अन्तर्गत पात्र इकाइयां,, शहरी होमस्टे-
ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास करता हो एवं उसके पास अपने उपयोग के बाद अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हों। अधिकतम 06 कक्ष (कुल 12 बेड) पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
-बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी)--
ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास न करता हो एवं उसके पास 01 से 06 कक्ष उपलब्ध हों। अधिकतम 06 कक्ष (कुल 12 बेड) की अनुमति होगी। बी एंड बी इकाई में एक केयर टेकर रखना अनिवार्य होगा।
--ग्रामीण होमस्टे--
ग्रामीण क्षेत्र में स्थित ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास करता हो एवं अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हों। अधिकतम 06 कक्ष (कुल 12 बेड) तक पर्यटकों को ठहराने की व्यवस्था की जा सकती है।
--मुख्य लाभ---
परिवार के लिए आय का एक अतिरिक्त स्रोत।
बिजली, जल कर, गृह कर एवं सीवर कर का भुगतान आवासीय दरों पर। प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत छत पर सौर पैनल हेतु सब्सिडी का अवसर। पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इकाई का प्रचार-प्रसार।
--पंजीकरण प्रणाली--
बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति के अंतर्गत इकाइयों का पंजीकरण एक सरल, पारदर्शी एवं ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। नई एवं पहले से संचालित दोनों प्रकार की इकाइयाँ निर्धारित पोर्टल पर जाकर आसानी से पंजीकरण करा सकती हैं। पंजीकरण हेतु आधिकारिक पोर्टल है:
https://up-tourismportal.in/application/bnb/login
