गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ‘रोजगार महोत्सव 2026’ की तैयारी तेज: विश्वेश्वरैया ग्रुप में भव्य करियर काउंसलिंग सत्र, युवाओं को दिए गए इंडस्ट्री रेडी बनने के मंत्र!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ‘रोजगार महोत्सव 2026’ की तैयारी तेज: विश्वेश्वरैया ग्रुप में भव्य करियर काउंसलिंग सत्र, युवाओं को दिए गए इंडस्ट्री रेडी बनने के मंत्र!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतम बुद्ध नगर, 12 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतम बुद्ध नगर द्वारा “रोजगार महोत्सव 2026” की तैयारियों को गति देते हुए विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (VGI) में एक भव्य एवं प्रभावी करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 25 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले रोजगार महोत्सव को सफल बनाना और अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।

जिला सेवायोजन कार्यालय के विशेष मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं, आधुनिक कौशल और करियर के नए अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

डिग्री के साथ व्यवहारिक ज्ञान भी जरूरी: विशेषज्ञ

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

  • सीईओ, iFishens डॉ. खुशबू सिंह ने छात्रों को केवल डिग्री पर निर्भर न रहकर व्यवहारिक ज्ञान, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह दी।
  • एजीएम, वीवो मोबाइल इंडिया डॉ. तक्षकुमार ने कॉरपोरेट क्षेत्र में सॉफ्ट स्किल्स, टीमवर्क और प्रोफेशनल एथिक्स के महत्व पर प्रकाश डाला।
  • नोडल कोऑर्डिनेटर, आईआईटी रुड़की (शिक्षा मंत्रालय) रितेश गोयल ने ‘डिजिटल इंडिया’ के तहत एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाओं की जानकारी दी।
  • संस्थापक, बीएसएल कंसल्टिंग अरुण जुरेल ने वैश्विक स्तर पर सफलता के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण, नेटवर्किंग और निरंतर कौशल विकास को आवश्यक बताया।

‘इंडस्ट्री रेडी’ युवाओं का निर्माण लक्ष्य

विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन सुनील जिंदल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को पूर्ण रूप से ‘इंडस्ट्री रेडी’ बनाना है।

सीईओ डॉ. पूर्णिमा शमनि ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम छात्रों के करियर मार्गदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।

रोजगार महोत्सव से जुड़ेंगे हजारों युवा

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि आगामी 25 फरवरी को आयोजित रोजगार महोत्सव 2026 में बड़ी संख्या में कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को अधिकतम रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

कार्यक्रम में एडवाइजर डॉ. एस.पी. पांडेय, डीन एकेडमिक्स प्रो. सी.एम. त्यागी, हेड प्लेसमेंट ऑफिसर नितिन गौड़, डॉ. खुशबू आर्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतम बुद्ध नगर के नेतृत्व में आयोजित होने वाला रोजगार महोत्सव 2026 युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।।