शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के सर्फाबाद में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के सर्फाबाद में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्फाबाद में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान अचानक शटरिंग गिरने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित पाल (पुत्र सुखपाल) निवासी ग्राम धर्मपुर, थाना पचदेवरा, जिला हरदोई (वर्तमान पता ग्राम पर्थला, सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूसरे मजदूर का नाम जीतू (पुत्र बाबूलाल) निवासी ग्राम गंगुलियापुरा, थाना राजाखेड़ा, जिला धौलपुर (राजस्थान), वर्तमान पता ग्राम सर्फाबाद बताया गया है।

काम के दौरान अचानक गिरी शटरिंग

बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य श्रमिकों व स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मोहित पाल ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

थाना सेक्टर-113 पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अक्सर देखा जाता है कि श्रमिक बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम करते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए, तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मोहल्ले और गांव में हादसे के बाद शोक का माहौल है।।