गौतमबुद्धनगर:ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में प्लाईवुड-झूमर की दुकान में भीषण आग, मची अफरा-तफरी — दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित प्लाईवुड और झूमर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग की सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखा ज्वलनशील सामान तेजी से जलने लगा, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत शाहबेरी में एक घर के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर तत्काल दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
आग की इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में संचालित दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
