लखनऊ :
जमीन विवाद में महिला ने लोकभवन पहुचकर किया आत्मदाह का प्रयास।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में शुक्रवार दोपहर हजरतगंज स्थित लोकभवन के गेट पर एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों एवं आत्मदाह दस्ते ने महिला को आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया। पड़ोसी से जमीन विवाद है जिसकी सम्बंधित अधिकारियों एंव राजस्व कर्मी से शिकायत किया लेकिन कोई सुनवाई न होने पर आत्मघाती कदम उठाया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक महिला ने लोकभवन हजरतगंज ज्वलनशील पदार्थ उपर डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। वहां मौजूद
आत्मदाह निरोधी दस्ते एवं पुलिस ने सूझबूझ से कार्यवाही करते हुए सुरक्षार्थ महिला का बचाव कर सकुशल थाना हजरतगंज ले गई। महिला की पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई है। वह न्यू श्रीनगर मानकनगर की रहने वाली है। संध्या का मानक नगर क्षेत्र में जमीनी विवाद चल रहा है। संध्या सिंह का आरोप उसकी जमीन पर इकबाल सिंह ने कब्जा किया है। लेखपाल की रिपोर्ट के बाद इकबाल सिंह धमका रहा है। गालियां दे रहा है। उन्होंने स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।उनकी जमीन का स्पष्ट सीमांकन अभी तक नहीं हुआ है।
थाना मानकनगर पुलिस टीम को महिला को सकुशल सुपुर्द किया गया है। थाना मानकनगर पुलिस टीम द्वारा प्रकरण के संबंध में संबंधित विभाग (राजस्व विभाग) से समन्वय स्थापित कर अभिलेखों का परीक्षण कराकर भूमि संबंधी विवाद के तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
लखनऊ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा आत्मघाती कदम उठाना समस्या का समाधान नहीं है। संबंधित महिला को परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। शांति एवं कानून-व्यवस्था पूर्णतः सामान्य है।
