गौतमबुद्धनगर: रिवर्स कार से बचने की कोशिश में पलटा ऑटो, ई-स्कूटी सवार की दर्दनाक मौत !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
सेक्टर-62 कैलाश हेल्थ विलेज के पास दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, ऑटो चालक हिरासत में
दो टूक:: नोएडा। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-62 स्थित कैलाश हेल्थ विलेज के समीप सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 फरवरी 2026 को एक कार चालक (वाहन संख्या UP-16 CR 8817) सड़क किनारे अपनी कार को पीछे (रिवर्स) कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा ऑटो (वाहन संख्या DL-1HCR-2553) अचानक सामने आई कार से बचने का प्रयास करने लगा। तेज़ी और असंतुलन के कारण ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क पर पलट गया।
पलटा हुआ ऑटो सामने से आ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो वाहन को कब्जे में लेते हुए उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात को भी सुचारू रूप से चालू कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। दुर्घटना से संबंधित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। प्रथम दृष्टया लापरवाही और असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और एक बार फिर सड़क सुरक्षा व वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत पर सवाल खड़े हो गए हैं !!
