अम्बेडकर नगर :
बोर्ड की तैयारी पर फोकस करें परीक्षा में गलतियों से बचें : डीआईओएस।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : शांति आश्रम इंटर कॉलेज सया में परीक्षा पर चर्चा एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने परीक्षा में अधिक अंक हासिल करने के लिए दिए उपयोगी टिप्स।
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की आशंकाओं और जिज्ञासाओं को परीक्षा पर चर्चा के दौरान शांत किया गया। किसी को पढ़ने के बाद भूलने की समस्या तो किसी को यह जानना था कि कम समय में अच्छी तैयारी कैसे करें ? विशेषज्ञों ने परीक्षार्थियों की हर समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि परीक्षा में अब केवल 18 दिन बचे हुए हैं। ऐसे में परीक्षार्थी बिना तनाव लिए पूरी क्षमता के साथ तैयारी करें। ईमानदारी से यदि पढ़ाई की जाएगी तो सफलता अवश्य मिलेगी। सभी विषयों का रिवीजन करें। बचे हुए समय का सदुपयोग करें।
शांति आश्रम इंटर कॉलेज सया में भीटी तहसील क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में अजय प्रताप इंटर कॉलेज भीटी, रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामबाबा, जीजीआईसी भीटी, ग्राम स्वावलंबी इंटर कॉलेज रनीवा, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज चाचिकपुर, बालिका इंटर कॉलेज भीटी समेत अन्य विद्यालयों के हाईस्कूल इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। सबसे पहले विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के द्वारा परीक्षा में अधिक से अधिक अंक प्राप्त करने के लिए उपयोगी टिप्स प्रदान किए गए। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए दृढ़ निश्चय और मेहनत का होना जरूरी है। इसलिए सभी परीक्षार्थी पूरी क्षमता के साथ परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। जब तक किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए सपनें नहीं देखेंगे तब तक उस लक्ष्य को नहीं प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल इंटरमीडिएट की परीक्षा किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की पहली सीढ़ी है इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरतें। परीक्षा पर चर्चा के दौरान कई परीक्षार्थियों ने अपनी आशंकाओं के निवारण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से सवाल पूछा। उन्होंने सभी की समस्याओं का निराकरण किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं है इसलिए परीक्षार्थी इधर-उधर की बात न करके सीधे तैयारी में जुट जाएं। कार्यक्रम का संचालन गिरीश चतुर्वेदी और डॉ प्रियंका तिवारी ने किया। आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदयाल ने सभी का स्वागत किया। इससे पहले मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान प्रमुख रूप से जीआईसी अकबरपुर प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप यादव, भीटी की नोडल रंजना, राधेश्याम तिवारी अजय कुमार श्रीवास्तव, शाह आलम, सूर्यपाल, विपिन कुमार मौर्य राकेश कुमार, सुजीत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
