गौतमबुद्धनगर: जिला पंचायत की बजट बैठक में विकास को मिली रफ्तार, 9 करोड़ के कार्य प्रस्तावित; ग्रामीण क्षेत्रों में तेज ध्वनि डीजे पर रोक का प्रस्ताव पारित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 23 फरवरी 2026।
जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में महत्वपूर्ण बजट बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने की, जबकि संचालन अपर मुख्य अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा किया गया। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 की विकास योजनाओं, आय-व्यय और जनहित से जुड़े अहम प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आगामी वित्तीय वर्ष के लिए लगभग 9.00 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित किए गए। वहीं, जिला पंचायत की आय का लक्ष्य लगभग 15.00 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। पंचम वित्त आयोग के अंतर्गत अनुमानित 3.40 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होने का आकलन भी प्रस्तुत किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सड़क, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बैठक में सामाजिक सरोकार से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में तेज ध्वनि में बजने वाले डीजे पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इससे ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण होगा और आमजन को राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों के श्मशान घाटों पर शवदाह गृह निर्माण को प्राथमिकता देने पर भी सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की, जिससे अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और सम्मानजनक बन सकें।
अध्यक्ष अमित चौधरी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जनपद के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की योजनाएं तभी सफल होंगी जब पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक की शांतिपूर्ण समाप्ति की घोषणा की।
इस अवसर पर दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, मोहिनी, जयवती देवी, सुनील भाटी सहित मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।।
