सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान, 17 स्थानों पर प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान, 17 स्थानों पर प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। शहर को जाम मुक्त, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा सोमवार, 23 फरवरी 2026 को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 से 10 तक की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अस्थायी ढांचे, अवैध रेहड़ी-पटरी, ठेले और अन्य अतिक्रमण हटाए।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सड़कों के किनारे अवैध रूप से लगने वाले ठेले और अस्थायी दुकानों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि आम नागरिकों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए यह अभियान चलाया गया।

इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

अभियान के तहत सेक्टर-6, सेक्टर-25, डीएससी रोड, सेक्टर-37, रोड नंबर-6 (सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन), सेक्टर-57, 58, 59, 60, सेक्टर-120, सेक्टर-85, सेक्टर-138, सेक्टर-87, नयागांव मंडी, कैंट रोड, होजरी कॉम्प्लेक्स, फेज-2 मंडी, सेक्टर-127, सेक्टर-167 तथा ग्राम कोंडली में अतिक्रमण हटाया गया।

इन स्थानों पर टीमों ने सड़क किनारे लगे अवैध ठेलों, खोखों और अस्थायी निर्माणों को हटाकर मार्ग को खाली कराया। कई स्थानों पर चेतावनी भी जारी की गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें

प्राधिकरण के मुताबिक, विभिन्न आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठनों और आम नागरिकों की ओर से अवैध वेंडरों एवं अतिक्रमण की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में बताया गया था कि बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से लगाए गए ठेले जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जाम मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

शहर में हुई इस कार्रवाई के बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू होता नजर आया। प्राधिकरण का कहना है कि यदि कहीं भी दोबारा अवैध कब्जा पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।।