शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा: स्कूल के वॉशरूम में एक घंटे तक बंद रही कक्षा 7 की छात्रा, परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा: स्कूल के वॉशरूम में एक घंटे तक बंद रही कक्षा 7 की छात्रा, परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। शहर के बीटा-2 क्षेत्र स्थित रयान इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 7 की एक छात्रा के करीब एक घंटे तक स्कूल के वॉशरूम में बंद रहने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से छात्रा सहमी हुई बताई जा रही है, जबकि परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वॉशरूम में बंद रही छात्रा, मदद के लिए लगाती रही आवाज

बोड़ाकी गांव निवासी छात्रा के पिता अशोक भाटी के अनुसार, उनकी बेटी स्कूल समय के दौरान वॉशरूम गई थी। आरोप है कि किसी कारणवश वॉशरूम का दरवाजा बाहर से बंद हो गया और छात्रा करीब एक घंटे तक अंदर फंसी रही। इस दौरान वह लगातार दरवाजा पीटती रही और मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन काफी देर तक उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची।

परिजनों का कहना है कि लगभग एक घंटे बाद एक सफाई कर्मचारी ने आवाज सुनकर दरवाजा खोला, जिसके बाद छात्रा बाहर निकल सकी। बाहर आने पर वह बेहद घबराई हुई थी और रो रही थी। परिवार का आरोप है कि अगर समय पर सफाई कर्मचारी वहां न पहुंचतीं तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

छात्रा के पिता ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होती है। उनका आरोप है कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद स्कूल प्रबंधन घटना से इनकार कर रहा है।

अशोक भाटी के मुताबिक, जब उन्होंने घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी तो प्रबंधन ने साफ तौर पर कहा कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई और किसी भी बच्चे के वॉशरूम में बंद होने की जानकारी उन्हें नहीं है। परिजनों का कहना है कि यह रवैया और भी चिंताजनक है।

मानसिक रूप से परेशान है छात्रा

परिवार के अनुसार, घटना के बाद से बच्ची काफी डरी हुई है और मानसिक रूप से परेशान है। वह स्कूल जाने को लेकर भी असहज महसूस कर रही है। परिजनों ने कहा कि इस तरह की घटना का बच्चों के मनोविज्ञान पर गहरा असर पड़ता है, जिसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी से शिकायत, सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग

स्कूल की प्रतिक्रिया से असंतुष्ट परिजनों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उन्होंने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वॉशरूम का दरवाजा कैसे और किसके द्वारा बंद हुआ।

परिजनों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज की पारदर्शी जांच हो जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यह भी मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्कूल में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए।

आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक लिखित बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई क्या होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

यह घटना एक बार फिर निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निगरानी व जवाबदेही की आवश्यकता को रेखांकित करती है।।