गौतमबुद्धनगर: दुजाना में विराट हिन्दू सम्मेलन का ऐतिहासिक आयोजन: 51 कुण्डीय महायज्ञ, संतवाणी और ऋषिकुलम् की कन्याओं ने बाँधा समां!!
दो टूक// दादरी/गौतमबुद्ध नगर, 12 फरवरी 2026 (बृहस्पतिवार)।
दुजाना स्थित ऐतिहासिक दादी सत्ती धाम परिसर (SGSM इंटर कॉलेज, एनटीपीसी खंड) में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन भव्यता, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय संगम बनकर उभरा। प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 51 कुण्डीय महायज्ञ का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की उन्नति की कामना की। भगवा ध्वजों और प्रेरक संदेशों से सुसज्जित परिसर पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
गुरुकुल परंपरा और संस्कारित शिक्षा पर जोर
सम्मेलन की अध्यक्षता योगनिष्ठ स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने की। अपने संबोधन में उन्होंने गुरुकुल परंपरा, वैदिक शिक्षा और संस्कारयुक्त जीवन पद्धति को भारत की आत्मा बताते हुए कहा कि देश की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था विश्व में आदर्श रही है। उन्होंने अधिकाधिक गुरुकुल स्थापित करने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक व नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा देने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता हिंदू जागरण मंच, पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक मंत्री श्री गोपाल जी ने समाज में संगठन, समरसता और जागरण की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी वर्गों को एकजुट रहने का संदेश दिया।
विशेष आमंत्रित संत डॉ. स्वामी गुणाक्षानन्द (डॉ. गुड्डू जी महाराज), श्री संकटमोचन बालाजी धाम, अंबाला छावनी ने धर्म रक्षा, सेवा और सदाचार को जीवन का आधार बताते हुए युवाओं को संस्कारित जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा दी।
ऋषिकुलम् की कन्याओं का अद्भुत प्रदर्शन
सम्मेलन का विशेष आकर्षण रहा ऋषिकुलम् (वैदिक कन्या गुरुकुल शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान) की कन्याओं का प्रभावशाली प्रदर्शन। कन्याओं ने शुद्ध वैदिक मंत्रोच्चारण से यज्ञ को दिव्यता प्रदान की। साथ ही बिना देखे वस्तुओं की पहचान और पाठ करने की अद्भुत कला का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को आश्चर्यचकित कर दिया।
गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति
आयोजन में क्षेत्र के अनेक प्रमुख नागरिकों की उपस्थिति रही, जिनमें सुशील जी, राजकुमार जी, हरेंद्र नागर, जितेंद्र नागर, ओमवीर आर्य एडवोकेट, दीपक नागर, मा. रविन्द्र शर्मा, ईश्वर भाटी, जितू भाटी, वीरेश आर्य, बिजेंद्र भाटी, सुरेश नागर, मुकेश नागर एडवोकेट, कमल आर्य, संजीव नागर, कपिल जी, इलमचंद नागर, बलराज भाटी, मोनू भगत, यशबीर भगत, कर्मवीर आर्य एडवोकेट, विनय आर्य, पवन नागर, ईश्वर शर्मा, अजीत, किरणपाल नागर, मनोज भाटी एडवोकेट, चंकी नागर एडवोकेट, रमेश बंसल, सत्या नागर, अजय आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अजीत नागर ने किया। समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
दुजाना में आयोजित यह विराट हिन्दू सम्मेलन धार्मिक जागरण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरणादायी प्रतीक बनकर क्षेत्र में एक ऐतिहासिक छाप छोड़ गया।।
