गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: 20 से अधिक सेक्टरों में चला बुलडोजर अभियान, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाए गए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: 20 से अधिक सेक्टरों में चला बुलडोजर अभियान, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाए गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। शहर को जाममुक्त और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। 11 फरवरी 2026 को वर्क सर्किल–1 से 10 के अंतर्गत संयुक्त टीमों ने कई प्रमुख सेक्टरों और बाजारों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, अवैध रेहड़ी-पटरी और दुकानों को हटाया।

इन इलाकों में हुई कार्रवाई

प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर–76 स्थित अम्रपाली प्रिंसली एस्टेट मार्केट के अलावा सेक्टर–12, 43, 44, 45, 51 (एनआरआई रोड), 52, 53, 57, 58, 59, 60, 76 (प्रिंसले सोसायटी के पास), फेस–2, 80, 81, 84 केंट रोड, 87, 163, नगला चरणदास, भूड़ा और होजरी कॉम्प्लेक्स सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।

जे.पी. फ्लाईओवर से डीएससी रोड तक विशेष ड्राइव चलाकर मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आम जनता, आरडब्ल्यूए (RWA), फोनर्वा और औद्योगिक संगठनों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर चलाया गया। सड़कों के किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वेंडर्स, ठेली-पटरी और अस्थायी दुकानों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जाम और अव्यवस्था से राहत की उम्मीद

अभियान के दौरान कई अवैध ढांचों को हटाया गया और संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। कार्रवाई के बाद स्थानीय निवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोएडा प्राधिकरण की इस सख्ती को शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।