गौतमबुद्धनगर: बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन कराने की तैयारी तेज: डीएम ने 60 केंद्रों के लिए जारी किए सख्त निर्देश!!
दो टूक// गौतम बुद्ध नगर, 12 फरवरी 2026। आगामी 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 को जनपद में नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम हॉल में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के सभी 60 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षा हर हाल में नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा पाई जाने वाली कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।
सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की स्थापना कर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कैमरे सक्रिय स्थिति में रहें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीएम ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों को समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्ट्रांग रूम एवं उसमें रखी चार डबल लॉक अलमारियों को नियमानुसार खोलने-बंद करने, चाबियों के सुरक्षित रख-रखाव तथा प्रश्नपत्र खोलते समय दिनांक, विषय एवं पाली का सावधानीपूर्वक मिलान करने के भी निर्देश दिए गए।
42,917 परीक्षार्थी होंगे शामिल
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 42,917 छात्र-छात्राएं इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। सभी 60 परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ीबैठक में पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्कता बरती जाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की सुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
