गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: 22 फरवरी को नोएडा शिल्प हाट में लगेगा मेगा विधिक साक्षरता/सेवा शिविर, 44 विभाग देंगे एक ही मंच पर योजनाओं की जानकारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 22 फरवरी को नोएडा शिल्प हाट में लगेगा मेगा विधिक साक्षरता/सेवा शिविर, 44 विभाग देंगे एक ही मंच पर योजनाओं की जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतम बुद्ध नगर, 12 फरवरी 2026। जनपदवासियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित करने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को नोएडा शिल्प हाट, सेक्टर-33ए में मेगा/वृहद विधिक साक्षरता/सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नाल्सा) नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर की तैयारियों को लेकर आज माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय सभागार में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

माननीय जनपद न्यायाधीश ने निर्देश दिए कि शिविर का जनपद स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इस शिविर में जनपद के 44 विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूर्ण करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग शिविर स्थल पर अपना स्टॉल स्थापित कर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराए, जिससे पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही पंजीकरण और लाभ सुनिश्चित हो सके।

नाल्सा की योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं नोडल अधिकारी मेगा विधिक साक्षरता शिविर विरेक अग्रवाल ने जानकारी दी कि शिविर में श्रमिकों, बच्चों, ट्रांसजेंडर समुदाय, बंदी/कैदी सहायता, अनुसूचित जाति-जनजाति, वरिष्ठ नागरिकों, यातायात दुर्घटना पीड़ितों एवं महामारी प्रभावित व्यक्तियों से संबंधित नाल्सा की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण भी किया जाएगा।

एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बैठक में अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्टॉल आवंटन, लाभार्थियों की सूची तैयार करने, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को लेकर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सहायता उपलब्ध हो सके। विशेष रूप से पात्र लाभार्थियों की पूर्व पहचान कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बैठक, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सहायता एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

दैनिक समीक्षा कर समय से पूरी हों तैयारियां

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें और समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें, जिससे शिविर को सफल, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाया जा सके।

बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित समाज कल्याण, शिक्षा, दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, जल शक्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पंचायती राज, उद्योग, कौशल विकास, पशुपालन, श्रम, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत, खाद्य सुरक्षा समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।