गुरुवार, 26 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: रोजगार महोत्सव 2026: 1790 युवाओं को मिला रोजगार, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रोजगार महोत्सव 2026: 1790 युवाओं को मिला रोजगार, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दादरी (गौतमबुद्धनगर), 25 फरवरी 2026।
दो टूक// उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में एक भव्य रोजगार महोत्सव–2026 का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में यह विशाल रोजगार मेला विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी स्थित कैंपस में आयोजित हुआ।

इस रोजगार मेले में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी सहित कई प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अधिकारी उपस्थित रहे।

4911 में से 1790 युवाओं का चयन

रोजगार मेले में कुल 4911 बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार के बाद 1790 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए किया गया। चयनित युवाओं को मंच से ही मुख्य अतिथि व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र हाथ में लेते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।

113 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लिया भाग

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया गया था। इसमें लगभग 113 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें
Yamaha,
Samsung,
DENSO,
Jubilant FoodWorks,
Motherson,
Axis Bank,
HDFC Bank,
ICICI Bank सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।

मेले में आठवीं पास से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सरकार की रोजगार प्रतिबद्धता दोहराई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। युवाओं से कौशल विकास, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान भी किया गया।

यह रोजगार महोत्सव न केवल युवाओं को नौकरी दिलाने में सफल रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।