बुधवार, 28 जनवरी 2026

लखनऊ : एसीपी ने साइबर हेल्प डेस्क प्रभारियों संग की समीक्षा बैठक।||Lucknow:The ACP held a review meeting with the in-charges of the cyber help desk.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
एसीपी ने साइबर हेल्प डेस्क प्रभारियों संग की समीक्षा बैठक।
दो टूक : लखनऊ मोहनलालगंज के एसीपी ने प्रभारियो को दिये साइबर हेल्प डेस्क को अलर्ट मोड पर रखने के आदेश, तय समय में कार्रवाई अनिवार्य।
विस्तार :
साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को डिजिटल रूप से सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को दक्षिणी जोन के सभी थानों के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम विकास कुमार पांडे ने की।
बैठक में एसीपी ने साइबर अपराधों से संबंधित प्राप्त हो रही शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि साइबर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सके।
एसीपी विकास कुमार पांडे ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में पुलिस की सजगता और तत्परता बेहद आवश्यक है। इसी क्रम में सभी साइबर हेल्प डेस्क प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिससे लोग साइबर ठगी, फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रह सकें।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराध नियंत्रण प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना, शिकायत निस्तारण की गति बढ़ाना तथा जनता का पुलिस पर भरोसा कायम रखते हुए सुरक्षित डिजिटल माहौल तैयार करना है।