गुरुवार, 1 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नववर्ष 2026 पर इस्कॉन नोएडा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, एक लाख से अधिक भक्तों ने किए कृष्ण दर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नववर्ष 2026 पर इस्कॉन नोएडा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, एक लाख से अधिक भक्तों ने किए कृष्ण दर्शन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। नव वर्ष 2026 के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार, 1 जनवरी 2026 को इस्कॉन नोएडा में भव्य धार्मिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर आकर्षक एवं मनोहारी सजावट से सुसज्जित नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रांगण में पंडाल, बेरिकेडिंग तथा सुचारु प्रवेश-निकास की व्यवस्था की गई, जिससे दर्शन व्यवस्था सुगम बनी रही। इस विशेष अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य और अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा।

प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 9 बजे तक दर्शन खुले रहे, जबकि सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पूरे दिन मंदिर परिसर में हरे कृष्ण महामंत्र का अनवरत कीर्तन गूंजता रहा, जिसमें इस्कॉन के प्रसिद्ध कीर्तन कलाकारों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं और वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस्कॉन की फूड फॉर लाइफ पहल के अंतर्गत श्रद्धालुओं को पूरे दिन प्रसाद वितरित किया गया, जिसका भक्तों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। इसके अतिरिक्त स्नैक्स स्टॉलों पर भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखी गई। अनुमान के अनुसार, इस भव्य आयोजन में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर नववर्ष का स्वागत किया।

इस अवसर पर इस्कॉन नोएडा के अध्यक्ष श्रीमन वंशीधर दास ने सभी श्रद्धालुओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि इस्कॉन संस्था विश्वभर में शांति, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस्कॉन की स्थापना 60 वर्ष पूर्व कृष्ण कृपाश्रीमूर्ति श्रील प्रभुपाद द्वारा की गई थी और उसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए इस्कॉन नोएडा मंदिर भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है !!