ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, महिला घायल; बदमाश हथियार लहराते हुए फरार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई, जबकि बदमाश सोने की चेन का बड़ा हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गए।
थाना बिसरख प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, पीड़ित विवेक प्रकाश पाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ बाजार में खरीदारी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और महिला के गले से सोने की चेन झपट ली।
महिला ने चेन बचाने का प्रयास किया, लेकिन छीना-झपटी में चेन टूट गई। करीब 65 प्रतिशत हिस्सा बदमाशों के हाथ में चला गया। पीड़ित के अनुसार चेन का कुल वजन लगभग 16 ग्राम था, जिसमें से 10 ग्राम से अधिक सोने की चेन बदमाश लूट ले गए।
घटना के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिससे वह घायल हो गई। पीड़ित ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि बदमाश हथियार लहराते हुए उन्हें डराकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।।
