शनिवार, 1 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में ‘दंड से न्याय की ओर’ अभियान तेज — नए आपराधिक कानूनों पर 520 पुलिसकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में ‘दंड से न्याय की ओर’ अभियान तेज — नए आपराधिक कानूनों पर 520 पुलिसकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर !!
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में ‘दंड से न्याय की ओर’ अभियान के तहत नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 (BSA) — पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 नोएडा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र एवं अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने की।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय रवि शंकर निम, जे.डी. अभियोजन बृजेश कुमार मिश्र, एसपीओ दूधनाथ प्रसाद, एपीओ राजेश कुमार शुक्लएपीओ गौरव पांडे भी मौजूद रहे।
रिफ्रेशर कोर्स में करीब 520 पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया, जिन्हें नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, उनके उद्देश्य, त्वरित न्याय की प्रक्रिया और पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पुलिसकर्मियों की विधिक समझ को सशक्त करेगा और न्यायोन्मुखी पुलिसिंग की दिशा में अहम कदम साबित होगा। नए कानूनों में “दंड से न्याय की ओर” की अवधारणा पर बल दिया गया है, जो नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में केंद्रित है।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि कमिश्नरेट क्षेत्र के सभी थानों में ‘अवेयरनेस वॉरियर्स’ नामित किए गए हैं। ये नागरिक स्वयंसेवक स्थानीय स्तर पर आमजन को सरल भाषा में नए कानूनों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस और वॉरियर्स द्वारा जन-जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में कानून के प्रति विश्वास और न्याय की भावना को मजबूत किया जा रहा है।।