मंगलवार, 18 नवंबर 2025

मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा व जागरूकता अभियान को दिया नया आयाम!!

शेयर करें:

मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा व जागरूकता अभियान को दिया नया आयाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 18 नवंबर 2025
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश और प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं, युवतियों और आम नागरिकों को सुरक्षा अधिकारों, हेल्पलाइन सुविधाओं, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से अवगत कराना रहा।

महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम

मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न स्थानों पर जाकर महिलाओं व युवतियों को थाने की कार्यप्रणाली, महिला सहायता केंद्रों, हेल्पलाइन नंबरों तथा महिला उत्पीड़न संबंधी कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया उपयोग के दौरान सावधानियों, डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों पर भी जागरूक किया गया।

साइबर सुरक्षा: कंपनियों में विशेष वर्कशॉप

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ टीम ने कई कंपनियों व संस्थानों में जाकर कर्मचारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, डेटा प्रोटेक्शन और डिजिटल व्यवहार से संबंधित अहम जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्हें साइबर हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे किसी भी साइबर घटना की स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।

गुड टच-बैड टच एवं घरेलू हिंसा पर संवाद

पुलिस अधिकारियों द्वारा बालिकाओं के साथ सकारात्मक चर्चा कर गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, तथा आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में समझाया गया। महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध है।

महिला बीट पुलिस का निरंतर जनसंपर्क

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला बीट पुलिस अधिकारी प्रतिदिन गांवों, कस्बों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड और बाजारों में जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के पम्पलेट वितरित कर उन्हें आत्मरक्षा और सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का यह अभियान महिला सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है, जिससे समाज में सुरक्षा, विश्वास और जागरूकता का सकारात्मक संदेश फैल रहा है।।