सोमवार, 3 नवंबर 2025

गोण्डा- समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश–2047 के संबंध में संवाद कार्यक्रम का आयोजन

शेयर करें:
गोण्डा- श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता सभागार में “समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश–2047” विषय पर एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार की दूरदृष्टि “समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश–2047” की संकल्पना को जन-जन तक पहुँचाना तथा जनपद के शैक्षणिक संस्थानों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों तथा अन्य बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। 
जिलाधिकारी ने उपस्थित प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अधिकारियों वह अन्य बुद्धिजीवियों को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी सीएम के निर्देशानुसार प्रदेश को वर्ष-2047 तक एक समर्थ, आत्मनिर्भर एवं विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने हेतु प्रत्येक नागरिक का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण एवं बुनियादी ढाँचे के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश–2047” अभियान तभी सफल होगा जब समाज के सभी वर्ग इसमें अपनी भूमिका निभाएँगे। उन्होंने जनपद के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों- विद्यार्थियों तथा बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे अपने- अपने कॉलेजों एवं स्थानीय क्षेत्रों में इस विषय पर संवाद, परिचर्चा, निबंध एवं विचार गोष्ठियों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए फीडबैक दिलवाये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से प्रदेश के विकास के संबंध में फीडबैक लिया जाए, जिससे शासन स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में आमजन की राय को भी सम्मिलित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि उप्र के विकास का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेगा।
कार्यक्रम में श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो रवीन्द्र कुमार पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण कुमार सिंह सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी तथा बुद्धिजीवीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापकगणों ने किया तथा प्राचार्य प्रो रवीन्द्र कुमार ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी का आभार व्यक्त किया।