गौतमबुद्धनगर:
गलगोटियास यूनिवर्सिटी में मिशन शक्ति फेज-5 का आयोजन, महिलाओं और छात्राओं को दी सुरक्षा और साइबर जागरूकता की जानकारी!!
दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 11 अक्टूबर 2025: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत आज गलगोटियास यूनिवर्सिटी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह ने महिलाओं, छात्राओं और स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को बताया कि किस प्रकार सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग किया जा सकता है और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से कैसे बचा जा सकता है। इसके अलावा, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद लेने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
साइबर सुरक्षा टीम ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा और सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार के बारे में जागरूक किया। कर्मचारियों को साइबर हेल्पलाइन और सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल खतरों से बचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के महिला बीट पुलिस अधिकारी प्रतिदिन अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों का दौरा कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के साथ महिला संबंधी समस्याओं के निवारण हेतु हेल्पलाइन नंबर और पम्पलेट वितरित कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति-5.0 का उद्देश्य महिलाओं को न केवल जागरूक बनाना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित भी बनाना है।।