गोण्डा- शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक व पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा थाना वजीरगंज परिसर में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन रविवार को किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक ने थाना वजीरगंज में निर्मित मिशन शक्ति केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त प्लेटफ़ॉर्म प्रदान करना है। यहाँ पर महिला हेल्प डेस्क, शिकायत पंजीकरण सुविधा, परामर्श एवं कानूनी मार्गदर्शन केंद्र सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या हिंसा की शिकार महिला या बालिका को त्वरित सहायता मिल सके।
उद्घाटन के उपरांत आयोजित महिला सम्मेलन में मुथा अशोक जैन ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का जीवंत प्रतीक है। समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब महिलाएँ निडर होकर आगे बढ़ें और हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाएँ।”
उन्होंने छात्राओं और महिलाओं से साइबर अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, सोशल मीडिया सुरक्षा आदि विषयों पर संवाद किया और कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत महिला हेल्पलाइन 1090, डायल 112 या नजदीकी थाने में दें। उन्होंने पुलिस को भी निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता, त्वरितता एवं पारदर्शिता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान में उत्कृष्ट योगदान करने वाली 10 महिलाओं को अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।