महिलाओं में बढ़ी सुरक्षा जागरूकता: गौतमबुद्धनगर पुलिस का मिशन शक्ति अभियान-5.0 जारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 14 अक्टूबर 2025
महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के तहत जनजागरण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर छात्राओं, महिलाओं और स्टाफ को जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम द्वारा थानों में गठित महिला सहायता केंद्रों के उद्देश्यों व कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। छात्राओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया।
साइबर सुरक्षा टीम ने स्कूलों, कॉलेजों और कंपनियों में जाकर डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रोटेक्शन, फिशिंग से बचाव और साइबर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और छात्राओं को पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
अभियान के तहत महिला बीट पुलिस अधिकारी गांवों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों व बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट और बुकलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।।