रविवार, 26 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: 2.25 लाख लोगों को किया गया साइबर जागरूक – नोएडा पुलिस का मेगा साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 2.25 लाख लोगों को किया गया साइबर जागरूक – नोएडा पुलिस का मेगा साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, 26 अक्टूबर 2025।
अक्टूबर माह को नेशनल साइबर अवेयरनेस मंथ के रूप में मनाते हुए, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा साइबर जागरूकता को लेकर एक मेगा साइबर अवेयरनेस अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में और अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर) श्रीमती शैव्या गोयल के नेतृत्व में इस कार्यक्रम के तहत पूरे जिले में जनसंपर्क और संवाद के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

इस अभियान के अंतर्गत 1200 से अधिक स्थानों पर RWA, AOA, मॉल, पार्क, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों से लोगों को साइबर हाइजीन, ऑनलाइन सुरक्षा नियमों, फ्रॉड पहचानने के तरीके और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के उपाय बताए गए। इस व्यापक पहल के जरिए अब तक 2.25 लाख से अधिक नागरिकों को सीधे तौर पर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ श्री अमित दुबे ने नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और क्वांटम कंप्यूटिंग के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। श्री दुबे देश के प्रतिष्ठित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ हैं, जिन्होंने अब तक 9 लाख से अधिक पुलिस अधिकारियों, न्यायाधीशों और प्रशासनिक अधिकारियों को साइबर प्रशिक्षण दिया है। वे प्रसिद्ध रेडियो शो “Hidden Files” और टीवी शो “Cyber Crime ki Duniya – Bach ke Rahna” के होस्ट भी हैं।

श्री दुबे को Golden Peacock Award, Aegis Graham Bell Award और Leader of Excellence Award जैसे कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने साइबर अपराधों पर आधारित कई पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें “Hidden Files” और “Atharva” प्रमुख हैं।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के इस व्यापक अभियान को डिजिटल इंडिया मिशन के लक्ष्यों को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। यह प्रयास साइबर साक्षरता को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने और साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को सजग बनाने में एक नई दिशा प्रदान करेगा।।